पोंग (Pong) = Pong
Category: place
पौंग बाँध वेटलैंड, जिसे महाराणा प्रताप सागर भी कहा जाता है, हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में स्थित है। यह मानव निर्मित जलाशय है, जो ब्यास नदी पर बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण से बना है।
पौंग बाँध में 1975 में पानी भरा गया, जिससे 41 किलोमीटर लम्बी और अधिकतम 19 किलोमीटर चौड़ी झील जलाशय का निर्माण हुआ। इसके निर्माण के लिये भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने 28000 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया।
इस परियोजना का कुल जलागम क्षेत्र 12,650 वर्ग किलोमीटर है। पौंग बाँध क्षेत्र को 1983 में वन्य प्राणी अभयारण्य घोषित किया गया। इसके प्रबन्धन की योजना दिसम्बर 1984 में पास हुई।
1994 में इसे राष्ट्रीय महत्त्व का वेटलैंड और रामसर स्थल घोषित किया गया। इसका 307 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र अभयारण्य है और अभयारण्य के चारों ओर 440 मीटर समुद्र तल से ऊँचाई तक का क्षेत्र बफर ज़ोन घोषित किया गया है। एक लाख से भी ज्यादा स्थानीय और प्रवासी पक्षी यहाँ बसेरा करते हैं। यहाँ 220 से ज्यादा पक्षी प्रजातियाँ पाई जाती हैं। 27 प्रजाति की मछलियाँ इस जलाशय में पाई जाती हैं। ये मछलियाँ पक्षियों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय मछली पकड़ने वाले समुदायों के लिये आजीविका का मुख्य साधन भी हैं।
मछली प्रबन्धन के लिये कई सहकारी सभाओं के माध्यम से व्यवस्था संचालित होती है। सरकार मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से इस जलाशय में हर साल मछलियों का बीज डालकर मछलियों की पैदावार बढ़ाने का प्रयास करती है।
प्रदेश के बीज उत्पादन केन्द्रों के अलावा कुरुक्षेत्र मछली बीज उत्पादन केन्द्र से भी बीज ला कर जलाशय में डाला जाता है।
वेटलैंड पारिस्थितकीय दृष्टि से बहुत महत्त्वपूर्ण स्थल होते हैं। ये शुष्क भूमि और जल के बीच की महत्त्वपूर्ण कड़ी होते हैं। इन्हें जीवन की नर्सरी भी कहा जाता है। क्योंकि इनमें शुष्क भूमि, दलदलों, और पानी में पनपने वाली जैव विविधता एक साथ देखी जा सकती है। साथ ही जलीय वनस्पति, शैवाल और सूक्ष्मजीवियों के पेचीदा सहकार्य से ये जल शुद्धिकरण का भी महत्त्वपूर्ण कार्य करते हैं।
वेटलैंड की भूमि विशेष स्पंज कार्य करती है। जो पानी की बहुतायत के समय पानी को सोख लेती है और कमी के समय उसे छोड़ती रहती है। बाढ़ नियंत्रण और गाद नियंत्रण का महत्त्वपूर्ण कार्य भी वेटलैंड करते हैं।
<
Hindi Dictionary. Devnagari to roman Dictionary. हिन्दी भाषा का सबसे बड़ा शब्दकोष। देवनागरी और रोमन लिपि में। एक लाख शब्दों का संकलन। स्थानीय और सरल भाषा में व्याख्या।